Home     Wordpress     Codex

भारत-श्रीलंका चौथा वन डे: भारत ने मैच जीता

August 27th, 2008 by Administrator | Filed under आंखो देखा हाल.

भारत-श्रीलंका चौथा एकदिवसीय: कोलम्बो

10.00 बजे

श्रीलंका 212 रन पर आउट।

भारत ने 46 रन से मैच और 3-1 से श्रृंखला जीत ली है।

भारत ने पहली बार श्रीलंका को श्रीलंका में हरा कर श्रृंखला जीती है।

अब पांचवा मैच बाकी है लेकिन वह सिर्फ औपचारिकता होगी।

भारतीय टीम की चयनसमिति के अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर भी इस एतिहासिक मौके पर कोलम्बो में मैच देखने के लिए मौजूद थे।

दिन भर का खेल :

श्रीलंका के लिए जीत की आशा तभी धुंधली पड़ गई थी जब सनत जयसूर्या धुआंधार अर्धशतक के कुछ ही देर बाद, 60 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए थे।

जयसूर्या का स्कोर श्रीलंका की पारी में सबसे अधिक स्कोर रहा। जयसूर्या ने कप्तान के रूप में भारत के खिलाफ एक पारी में 189 रन बनाए थे जो कि रेकॉर्ड है।
भारत की ओर से हरभजन सिंह ने 3 और युवराज सिंह ने 2 विकेट लिए। युवराज को अपनी गेंदबाजी से थोड़ी तसल्ली जरूर मिली होगी क्योंकि बल्लेबाजी में तो वे शून्य पर आउट हो गए थे। जब आपकी राष्ट्रीय चयनसमिति का अध्यक्ष मैच देख रहा हो तब शून्य पर आउट होना रामगोपाल वर्मा की हॉरर फिल्म देखने से कम भयावह नहीं होता। इन दोनों के अलावा मुनाफ पटेल ने दो और जहीर खान ने एक विकेट लिया।

श्रीलंका की पारी में पहले विकेट के रूप में वार्नापुरा का आउट होना आज विवादास्पद रहा। वार्नापुरा को अंपायर ने आज मुनाफ पटेल की गेंद पर पगबाधा आउट दिया था। तब तक उन्होंने खाता भी नहीं खोला था। वार्नापुरा को इस मैच में सिल्वा की जगह लिया गया था और श्रीलंका को उनसे बहुत उम्मीदें थीं। वार्नापुरा को जिस गेंद पर आउट दिया गया वह काफी ऊंचे लगी थी और स्टंप के ऊपर से निकलने वाली थी। खैर, हर मैच में ऎसे कुछ मौके आते हैं।

धोनी आज खेल के बीच लगभग बीमार पड़ गए थे। मैच के बाद उन्होंने बताया कि कल उन्हें बुखार था इसीलिए आज खेलते समय उन्हें परेशानी हो रही थी।

7.15 बजे

जयसूर्या का धमाकेदार अर्धशतक!

47 गेंदों पर 50 रन, 8 चौके और एक छक्का!

भारत की जीत की राह में जयसूर्या सबसे बड़ा रोड़ा हैं। जब वे घुमा कर शॉट मारते हैं तो भारतीय फील्डर बेबसी से देखते रह जाते हैं। ऎसा ही एक चौका लगा कर उन्होंने आज अपना अर्धशतक पूरा किया।

और उसके बाद एक जबर्दस्त छक्का और जड़ा। पिटने वाले गेंदबाज हैं मुनाफ पटेल।

श्रीलंका: 65/ 2

7.35 बजे

श्रीलंका का दूसरा विकेट गिरा!

संगकारा को मुनाफ पटेल ने बोल्ड कर दिया।

लेकिन जयसूर्या अभी भी 29 रन (32 गेंद) बना कर टिके हुए है।

अगले बल्लेबाज हैं माहेला जयवर्धने।

श्रीलंका: 38/2 ( 11 ओवर)

7.15 बजे

श्रीलंका का पहला विकेट गिरा!

मालिंदा वर्नापुरा को प्रवीण कुमार ने पगबाधा आउट किया।

अब खेलने आए हैं संगकारा, को मूड में हों तो जयसूर्या से भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं।

भारतीय गेंदबाजों के हौसले फिलहाल काफी बुलंद हैं।

श्रीलंका: 28/1/ 6.3 ओवर

7.08 बजे

जयसूर्या ने कत्लेआम मचा रखा है भारतीय गेंदबाजी का। वे अब तक 16 गेंदों में 20 रन बन चुके हैं। इनमें चार चौके भी हैं। उनका स्ट्राइक रेट 131.25 है।

स्कोर: श्रीलंका- 24 रन/ 0 विकेट/ 5 ओवर

6.56 बजे

जयसूर्या: 11 गेंदों में 12 रन। क्या चौका मारा!! भारतीय फील्डर हिल भी नहीं पाए और गेंद उनके बीच से निकल कर बाउंड्री पार कर गई।
दूसरी तरफ हैं वर्नापुरा।

भारतीय गेंदबाजी की शुरूआत वैसे भी लड़खड़ाई हुई सी लगती है। पहेल दो ओवरों में ही जहीर और प्रवीण कुमार ने 3 वाइड गेंद फेंकी थीं।

स्कोर: श्रीलंका – 15 रन/ 3 ओवर

6.09 बजे

भारत 258 पर आउट

आखिरी विकेट गिरा जहीर खान का।

49.3 ओवर में भारत की पूरी टीम आउट हो गई।

तुषारा ने भारतीय पारी में 5 विकेट लिए।

6.06 बजे

9 वां विकेट गया। प्रवीण कुमार को तुषारा ने बोल्ड कर दिया।

स्कोर: 275/ 9

6.04 बजे

8वां विकेट गिरा।

रोहित शर्मा 18 रन बना कर आउट

भारत : 256 रन/ 8 विकेट

एक बात समझ में नहीं आती। भारतीय बल्लेबज छक्का लगाने जाते हैं तो उन्हें बाउंड्री क्या आसमान में नजर आती है? नीचे मारने के बजाए आसमान में दो मील उठा कर गेंद मारेंगे और वहीं के वहीं कैच आउट हो जाएंगे।

6.00 बजे
भज्जी रन आउट

भारत 252 रन/ 7 विकेट/ 47.5 ओवर

बाकी भी लगता है जल्द ही निपट जाएंगे। विकेट पर टिकना तो मेहनत का काम है ना।

5.55 बजे

तुम चलो मैं आया: बद्रीनाथ 6 रन बना कर आउट

भारत : 248 रन/ 6 विकेट

5.41 बजे

धोनी आउट!

71 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर धोनी आउट। तुषारा की गेंद पर जयसूर्या ने कैच लपका।

एक और अच्छी पारी खेली धोनी ने। थके नजर आने के बावजूद उन्होंने 71 रन बना ही लिए। भारत अब एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच गया है। 233 रन/ 5 विकेट पर। अब भी करीब सात ओवर बाकी हैं। पौने तीन सौ रनों की आशा की जा सकती है भारत से अब।

5.35 बजे

रैना आउट!

76 रन बना कर, तुषारा की गेंद पर आउट हुए रैना। वे छक्का मारने की कोशिश में थे लेकिन कुलसेकरा ने लांग ऑफ पर कैच पकड़ लिया। खुद से बेहद नाराज रैना ने मैदान को लात मार कर अपनी खीझ प्रकट की। अब पछताए होत क्या जब चिड़िया चुग गई खेत।

अब खेलने आए हैं रोहित शर्मा। दूसरे छोर पर मौजूद हैं धोनी।

भारत : 228 रन/ 4 विकेट/ 41. 4 ओवर

5.28 बजे

धोनी की तबियत कुछ ज्यादा ही खराब हो रही है मैदान पर। वे झुक कर खड़े थे, जैसे उल्टी करने की कोशिश कर रहे हों। फिलहाल तीन भारतीय खिलाड़ी मैदान पर आए हैं और उन्हें घेरे हुए खड़े हैं। धोनी बैठ कर एक बोतल से कुछ एनर्जी ड्रिंक नुमा चीज पी रहे हैं। लेकिन उनके चेहरे पर दर्द और परेशानी झलक रही है।

भारतीय पारी के 40 ओवर हो चुके हैं, सिर्फ 10 ओवर और बाकी हैं।

स्कोर: 217 /3 विकेट पर

5.20 बजे

धोनी का अर्धशतक पूरा।

लेकिन उनकी तबियत खराब होती नजर आ रही है। वे झुक कर गहरी- गहरी सांसे ले रहे हैं। पहले लग रहा था कि वे थके हुए हैं, लेकिन यह थकान से कुछ ज्यादा ही है। देखना है कि कहीं उन्हें बिना आउट हुए पेवेलियन तो नहीं लौटना पड़ेगा? या शायद वे रनर ले लें।

भारत के 200 रन पूरे। 38.3 ओवर में 203 रन/ 3 विकेट.

5.15 बजे

धोनी बहुत थके नजर आ रहे हैं। दो बार वे घुटने टेक कर मैदान पर बैठ गए। उनके इशारे से लगा, कोलम्बो की धूप उन्हें बर्दाश्त करना मुश्किल हो रही है। अभी तो उन्होंने अर्धशतक भी नहीं बनाया है और वे इतना थक गए हैं।

फिर उनके लिए मैदान में केला लाया गया और मैदान में बैठ कर उन्होंने केला खाकर भूख मिटाई।

दूसरे छोर पर रैना खुल कर खेल रहे हैं। मुरलीधरन के पिछले ओवर में उन्होंने एक जबरदस्त छक्का मारा था।

भारत : 194/ 3 विकेट पर। धोनी -48, रैना 69 रन।

4.57 बजे

रैना का अर्धशतक पूरा।

32 ओवर में भारत के 162 रन पूरे। धोनी 33 रन, और रैना 51 रन पर खेल रहे हैं। दोनों के बीच अब तक 80 रन की साझेदारी हो चुकी है। इस समय भारत का रन औसत 5 पार कर चुका है। (5.05) । तुषारा और मुरलीधरन गेंदबाजी कर रहे थे। अब जयसूर्या आ रहे हैं गेंदबाजी करने।

आश्चर्य की बात है। स्पिनरों के सामने धोनी ने हेल्मेट उतार कर टोपी पहन ली है, लेकिन रैना हेल्मेट पहन कर ही खेल रहे हैं। क्या यह हेल्मेट भाग्यशाली है उनके लिए?

4.16 बजे

भारत के 100 रन पूरे।

22.3 ओवर/ 3 विकेट पर।

धोनी 15 गेंदों पर 4 रन बना चुके हैं।

4.01 बजे

श्रीलंकाई दर्शक मेंडिस के नाम की तख्तियां दिखा रहे हैं। उन्हें मेंडिस चाहिए गेंदबाजी में अब। क्या जरूरत है, आराम करने दो। भारतीय बल्लेबाज तो वैसे भी आउट हुए जा रहे हैं।

3.56 बजे

कोहली आउट!

तुषारा की अद्भुत गेंद, सीधे कोहली के स्टंप पर।

भारत की स्थिति नाजुक: 81 रन/ 3 विकेट।

अब कप्तान धोनी खेलने आए हैं। साथ दे रहे हैं सुरेश रैना।

3.50 बजे

कोहली का अर्धशतक पूरा।

वनडे क्रिकेट में ये उनका पहला अर्धशतक है।

विराट कोहली: 62 गेंद, 6 चौके और 50 रन।

भारत: 76/ 2 विकेट पर

3.30 बजे

युवराज भी आउट !

शुरू हो गया तू चल, मैं आया। ये है “युवा ब्रिगेड” का कमाल।

6 गेंद खेल कर और शून्य रन बना कर चामिंडा वास की गेंद पर चलते बने युवराज।

भारत : 51 रन/ 2 विकेट पर

3.20 बजे

वास के एक ही ओवर में कोहली और युवराज, दोनों आउट होते –होते बचे। पहले कोहली के शॉट पर गेंद लगभग वास के हाथों में पहुंच क निकल गई। फिर युवराज चकमा खाए, विकेट के पीछे कैच आउट होते-होते बचे।

संभल कर खेलना होगा, वर्ना “तू चल मैं आया” शुरू हो जाएगा भारतीय पारी में।

श्रीलंकाई समर्थकों का उत्साह पूरे जोर पर।

3.13 बजे

गंभीर आउट!

कुलसेकरा ने विकेट लिया। आउट होने के ठीक पहले गंभीर ने एक छक्का मारने की कोशिश की थी। गेंद आसमान में तो खूब ऊपर अगी, लेकिन मैदान की दूरी नहीं पार कर पाई थी और फील्डर के पास जा गिरी। अगली गेंद पर कैच कर लिए गए गंभीर।

भारत: 44 रन/ 1 विकेट पर

3.10 बजे

गंभीर 14 रन, 15 गेंदों पर। बढ़िया शुरूआत दोनों ओपनिंग बल्लेबाजों की।

भारत: 42 रन/ 9 ओवर में

3.04 बजे

कोहली के 25 रन पूरे। तीन चौकों के साथ। कोहली ने आज ऑफ और लेग साइड, दोनों ही ओर बेहतरीन चौके लगाए हैं। 38 गेंदों में 25 रन। भारत 37 रन ( 8.3 ओवर) बिना किसी नुकसान के।

3.02 बजे

वाह, क्या शॉट था ! आज विराट कोहली बेहततीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। इस बार चामिंडा वास की गेंद को बाउंड्री के पार पीटा।

भारत: 33 रन/ 7.1 ओवर। कोहली -23, गंभीर- 8 रन पर।

2.47 बजे

विराट कोहली की बल्लेबाजी सचिन के शॉट्स की याद दिला रही है आज। भले ही वे छक्के नहीं मार रहे हैं पर कलाइयों को मोड़ कर जिस खूबी से उन्होंने कुलसेकरा की गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजा, वह देखने लायक था।

भारत: 17 रन/ 4 ओवर

2.38 बजे

पहला ओवर: गौतम गंभीर और विराट कोहली ने भारतीय पारी की शुरूआत की। श्रीलंका की ओर से पहला ओवर फेंकने आए चामिंडा वास। भारत ने पहले ओवर में 2 रन बनाए।

बुरी खबर: शाम को कोलम्बो में बारिश होने की भविष्यवाणी की गई है। चीनियों को बुलाओ। उन्होंने बीजिंग ओलिम्पिक के समापन समारोह से तूफान को दूर रखने के लिए बादलों पर रसायन छिड़के थे और रॉकेट दागे थे। रॉकेट पाकिस्तानियों से उधार लिए जा सकते हैं :)

2.00 बजे

धोनी ने टॉस जीता है, भारत पहले बल्लेबाजी करेगा।

धोनी ने लगातार चौथी बार टॉस जीता है। (छोकरा भाग्यशाली है।)

भारतीय टीम में कोई परिवर्तन नहीं। श्रीलंका की टीम में वर्नापुरा आए हैं सिल्वा की जगह।

जोड़िएbookmark bookmark bookmark bookmark bookmark bookmark bookmark

Share This Post

Tags: , , , , ,

Share Your Thoughts

कमेंट के लिए सुझाव
आपकी कोई राय नहीं है? तो हमारे भंडार से ले लीजिए;)
p-6fQscE0emHk9A.