ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम का भारत दौरा नहीं टलेगा
September 15th, 2008 by Administrator | Filed under मैच खबरें.लीजिए, वही हुआ जिसकी उम्मीद थी। दिल्ली में हुए बम धमाकों के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के भारत दौरे पर कोई असर नहीं पड़ेगा और वह इस माह के अंत में पहले के कार्यक्रम के अनुसार भारत पहुंच जाएगी।
यह है भारतीय पैसे के माया। बम फटें या भूकंप आए, कोई क्रिकेट बोर्ड ( खास कर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट बोर्ड और खिलाड़ी) कभी भारत आने से मना नहीं करते।
वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अपनी फूटी किस्मत को रो रहा है जिसके देश में चैम्पियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट सिर्फ ऎसे ही बम विस्फोटों के कारण रद्द कर दिया गया।
तो क्या पाकिस्तान के बम भारतीय बमों से ज्यादा खतरनाक हैं? नहीं जी, बस भारतीय क्रिकेट बोर्ड का पैसा, पाकिस्तानी पैसे से ज्यादा ताकतवर है।
ऑस्ट्रेलिया समेत हर क्रिकेट बोर्ड और क्रिकेट खिलाड़ी को मालूम है कि भारत में श्रृंखला खेलने का मतलब है मालामाल हो जाना। एक अरब की भारतीय जनता क्रिकेट की ऎसी दीवानी है ( हमारे समेतP:) कि चाहे टेस्ट श्रृंखला ही क्यों नहो, हजारों लोग मैदान पर टिकट खरीद कर मैच देखने आएंगे, लाखों लोग टीवी पर मैच देखेंगे और विज्ञापन कंपनियां इन मैचों को प्रायोजित करने के लिए टूट पड़ेंगी।
यानी मौजा ही मौजा, पैसा ही पैसा।
जान तो कभी न कभी जानी ही है, पैसे कमाने का मौका तो बार – बार नहीं आता।
गरीब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड तो इतनी थैली नहीं भर सकता। इसलिए वहां सुतली बम भी फटा तो जाने से बिचक जाते हैं विदेशी खिलाड़ी। सबको अपनी जान की फिक्र सताने लगती है।
ऎसे में जब भारत में भी बम विस्फोट हो गए तो क्या करें?
करना क्या है, थोड़ी- बहुत चिंता जाहिर कर दो, कह दो कि दौरे पर विचार करेंगे। और फिर अगले दिन बयान जारी कर दो कि खेल सर्वोपरि है, भारत दौरा पूर्ववत जारी रहेगा।
चित भी मेरी, पट भी।







