Home     Wordpress     Codex

Posts Tagged ‘One Day Match’

कोलम्बो, तीसरा एकदिवसीय: श्रीलंका पराजित

August 24th, 2008 by Administrator | 1 Comment | Filed in आंखो देखा हाल

कोलम्बो एकदिवसीय मैच ( तीसरा) : भारत विरुद्ध श्रीलंका

10.22 बजे

श्रीलंका की पूरी टीम 49 ओवरों में 204 रन बना कर आउट हो गई।

भारत ने 33 रन से मैच जीत लिया और श्रृंखला में अब 2-1 से आगे हो गई है।

श्रीलंकाई कप्तान माहेला जयवर्धने 94 रन बना कर आउट हुए। अब “मैन ऑफ दि मैच” पुरस्कार उन्हें ही मिलेगा। बड़ी खुशी की बात है :)

अगला एक दिवसीय मैच 26 अगस्त यानी मंगलवार को कोलम्बो में ही होगा।

तब तक दोनों टीमें आराम फरमाएं।

9.54 बजे

8 वां विकेट गिरा श्रीलंका का।

तुषारा को जहीर खान ने बोल्ड कर दिया।

स्कोर: 175/ 8 विकेट पर 9 43.5 ओवर)

जीत के लिए 63 रन और बाकी। हाथ में हैं सिर्फ दो विकेट और 37 गेंद शेष।

8.43 बजे

श्रीलंका का 7 वां विकेट गया।

युवराज सिंह ने कुलसेकरा को पगबाधा आउट कर दिया।

श्रीलंका का स्कोर: 94/ 7 विकेट पर ( 26.5 ओवरों में)

मैच में सारा रोमांच खत्म हो चुका है। सिर्फ औपचारिकता बाकी है। बाकी तीन विकेट भी गिर जाएं तो दर्शक घर जाएं। धोनी को “मैन ऑफ दि मैच” पुरस्कार लेते देखने के लिए कौन बैठा रहेगा भला।

8.07 बजे

हरभजन ने चामिंडा वास को बोल्ड कर दिया!!

श्रीलंका: 59/ 6 विकेट पर।

क्या यह श्रीलंका की सबसे बड़ी हार होगी?

क्या उसकी टीम 100 रन भी नहीं बना पाएगी?

8.01 बजे

श्रीलंका की हालत खराब, पांचवा विकेट गिरा, दिलशान को मुनाफ पटेल ने आउट किया।

स्कोर: 58/ 5 विकेट ( 16.3 ओवर)

7.30 बजे

चौथा विकेट गिरा!! चमारा सिल्वा को जहीर खान ने आउट किया!

श्रीलंका: 40 रन/ 4 विकेट गए ( 9.3 ओवर में)

7.27 बजे

कपुगेदारा भी आउट!! प्रवीण कुमार ने पगबाधा आउट किया।

श्रीलंका 38 रन पर 3 विकेट ।

अच्छा हुआ भारत ने पहले बल्लेबाजी कर ली, वर्ना पता नहीं क्या हालत होती :)

7. 12 बजे
भारतीय गेंदबाजों के हौसले बुलंद हैं। रात घिर गई है और गेंद अचानक काफी “टर्न” लेने लगी हैं। जहीर और प्रवीण कुमार के लिए बेहतरीन परिस्थिति।
जो हालत भारतीय शुरूआती बल्लेबाजों की हुई थी, श्रीलंका की उससे भी बुरी।

7.08 बजे

श्रीलंका का दूसरा विकेट गिरा!!!

संगकारा आउट!! जहीर खान ने विकेट लिया।

श्रीलंका मुश्किल में। 26 रन पर 2 विकेट गए।

7.04 बजे

जयसूर्या आउट!!!

प्रवीण कुमार ने बड़ा विकेट झटका।

सनत जयसूर्या धुन रहे थे भारतीय गेंदबाजों को। 14 गेंदों में 13 रन बना चुके थे जिनमें 3 चौके शामिल थे।

श्रीलंका का स्कोर: 18 रन/ एक विकेट पर ( 4.1 ओवर)

अब क्रीज पर जोड़ी है संगकारा और कपुगेदारा की।

जीत के लिए बनाने हैं 238 रन।

भारतीय टीम का स्कोरकार्ड:

विराट कोहली: 25 रन
गौतम गंभीर : 8
युवराज सिंह : 12
सुरेश रैना : 53
एस बद्रीनाथ : 6
धोनी : 76
रोहित शर्मा : 32
हरभजन सिंह : 2
प्रवीण कुमार : 2 ( नाबाद)
जहीर खान : 1

श्रीलंकाई गेंदबाजी:

कुलसेकरा : 2 विकेट
तुषारा : 2
मेंडिस : 3

6.25 बजे

भारतीय पारी के आखिरी दो ओवर किसी जेम्स बॉण्ड फिल्म की तरह रोमांचक रहे।

49 वें ओवर में अजंता मेंडिस ने लगातार दो गेंदों पर 2 विकेट लेकर ऊंघते श्रीलंकाई दर्शकों में ऊर्जा भर दी। उनकी तीसरी गेंद पर जहीर खान के खिलाफ स्टंप आउट की जोरदार अपील हुई लेकिन वे बाल- बाल बच गए। अगर जहीर आउट हो जाते तो मेंडिस की हैट्रिक हो जाती।

उसके बाद भारतीय पारी का 50वां और आखिरी ओवर फेंकने आए थिलान तुषारा। उनके इस ओवर में रन रोकने की कोशिश में श्रीलंकाई खिलाडियों से फील्डिंग की कई गड़बडियां हुईं। दूसरी तरफ रन लेने के उत्साह में जहीर खान ने एक ऎसी गड़बड़ी की जो शायद एकदिवसीय मैच का रेकॉर्ड होगी। वे नॉन- स्ट्राइकर छोर पर थे। तुषारा दौड़ते हुए आए प्रवीण कुमार को गेंद फेंकने। और उनके गेंद फेंकने से पहले ही जहीर खान एक रन लेने के लिए दौड़ने लगे। जब तक तुषारा क्रीज पर पहुंचते तब तक जहीर आधी पिच पार कर चुके थे। फिर उन्हें लगा कुछ गड़बड़ है। पलट कर देखा तो पाया कि गेंदबाज ने गेंद ही नहीं फेंकी है और वे रन लेने कि लिए आधी पिच दौड़ चुके हैं। अंपायर ने डांट लगाई फिर जहीर को।

खैर, अंत भला तो सब भला।

अब श्रीलंका के सामने मैच जीतने के लिए 238 रन बनाने की चुनौती है। उनके खेमे में हैं जयसूर्या, संगकारा और माहेला जयवर्धने जैसे धाकड़ बल्लेबाज।

पिछले मैच में जहीर खान ने खासा धमाल मचाया था। देखें, इस बार उनकी गेंदबाजी क्या रंग लाती है।

6.09 बजे।

आखिरी गेंद पर भारत का 9 वां विकेट गिरा।

भारत : 50 ओवर में 237 रन/ 9 विकेट पर।

आखिरी आउट होने वाले खिलाड़ी थे जहीर खान।

6.00 बजे
बाल- बाल बचे जहीर खान। और मेंडिस हैट्रिक नहीं बना पाए।

48 वें ओवर में मेंडिस ने दो विकेट झटके। हरभजन सिंह और धोनी के।

भारत : 229/ 8 विकेट पर ( 49 ओवर में)

मेंडिस की आखिरी गेंद तक निश्चिंत नहीं राह सकते भारतीय बल्लेबाज।

5. 59 बजे

धोनी भी आउट!!! मेंडिस हैट्रिक पर!!!

5.56 बजे

हरभजन आउट!

मेंडिस की गेंद पर कैच दे बैठे भज्जी।

भारत ने 7 वां विकेट गंवाया।

भारत : 229/ 7 विकेट पर (48.2 ओवर)

5.55 बजे

कप्तान की पारी खेली आज धोनी ने।

फिलहाल 78 गेंद पर 75 रन बना कर टिके हुए हैं। शुरूआत में लड़खड़ाए थे, लेकिन उसके बाद संभल गए। उन्हें पहले सुरेश रैना और फिर रोहित शर्मा ने अच्छा साथ दिया। एक समय जब 62 रन पर भारत ने 3 विकेट गंवा दिए थे तब 200 रन का लक्ष्य भी कठिन नजर आ रहा था।

लेकिन फिर बाद के बल्लेबाज संभल कर खेलते रहे और टीम का स्कोर काफी सम्मानजनक बना दिया।

अब भारतीय पारी के सिर्फ 2 ओवर बाकी हैं। स्कोर है: 228 रन/ 6 विकेट पर ( 48 ओवरों में)

5.45 बजे

रोहित शर्मा आउट!

भारत का 6 वां विकेट गिरा।

32 गेंदों पर 32 रनों की अच्छी पारी खेल कर विदा हुए रोहित।

भारत का स्कोर: 212 रन / 6 विकेट पर ( 45.5 ओवर)

खेलने आए हैं हरभजन सिंह। अब भारत की कोशिश है तेज से तेज खेल कर अधिक से अधिक रन बटोरने की।

5.38 बजे
धोनी का अर्धशतक पूरा।

भारत के 200 रन पूरे।

स्कोर: भारत 200 रन/ 5 विकेट पर (44 ओवर में)

5. 10 बजे

धोनी की गलती से रैना रन आउट!

जयसूर्या की गेंद पर धोनी ने एक रन लेना चाहा, हिचके , फिर दौड़ गए। सामने रैना रन नहीं लेना चाहते थे लेकिन धोनी को पास आता देख कर मजबूरन दौड़ना पड़ा। धोनी उनके छोर पर सुरक्षित पहुंच गए लेकिन रैना को अपने कप्तान के ठिठकने की कीमत चुकानी पड़ी और वे रन आउट हो गए।

भारत : 149 रन/ 5 विकेट पर ( 35 ओवर में)

5.00 बजे
सुरेश रैना का अर्धशतक पूरा।

75 गेंदों में यह अर्धशतक पूरा हुआ।

भारत : 141 रन/ 4 विकेट पर

4.45 बजे

मेंडिस के पिछले ओवर में धोनी ने 2 चौके मारे। भारत के लिए अच्छी बात।

स्कोर: 121 रन/ 4 विकेट पर ( 29 ओवर में)

धोनी: 17
रैना: 39

4.40 बजे

मुरलीधरन गेंदबाजी कर रहे हैं। धोनी लगातार शॉट खेलने की कोशिश कर रहे हैं और लगभग हर बार चूक रहे हैं।

क्या पेवेलियन की याद आ रही है?

4. 35 बजे

भारत के 100 रन पूरे।

3.95 रन का औसत। 26.5 ओवर में भारत के 106 रन। 4 विकेट आउट हो चुके हैं।

गंभीर, कोहली, युवराज और बद्रीनाथ पेवेलियन में वापस जा चुके हैं।

क्रीज पर हैं कप्तान धोनी और सुरेश रैना।

अगर सौरव गांगुली की कप्तानी में टीम ऎसा प्रदर्शन करती तो?

4.30 बजे

कप्तान धोनी ने जोरदार शॉट लगाने की कोशिश की। गेंद वहीं, सामने गिर गई।

एक बात माननी पड़ेगी। माहेला जयवर्धने की कप्तानी के सामने धोनी की कप्तानी पूरी तरह असफल साबित हुई है। एक तरफ माहेला लगातार अपने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते, उनके बीच भागते- दौड़ते, सलाह- मशविरा करते दिखाई देती हैं तो दूसरी ओर धोनी कभी भी टीम के खिलाड़ियों के पास जाकर हौसला अफजाई करते नजर नहीं आते।

क्या धोनी को समय से पहले कप्तानी का भार सौंप दिया गया है?

सुरेश रैना 33 रन बना कर अब भी टिके हुए हैं। यह भारतीय पारी का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। उनके बाद विरात कोहली का नम्बर है जिन्होंने 25 रन बनाए थे। इसी से समझ आता है, भारतीय बल्लेबाजी आज कितनी बुरी रही है।

4.20 बजे

चौथा विकेट गया!!!

मेंडिस की गेंद पर बद्रीनाथ आउट!!

बद्रीनाथ सिर्फ 6 रन बना पाए।

भारत 91 रन, 4 विकेट गए ( 23 ओवरों में)

कप्तान धोनी खेलने आए हैं।

4.07 बजे

अजंता मेंडिस आ रहे हैं गेंदबाजी करने। भीड़ ने हल्ला मचा कर उनका स्वागत किया।

3.56 बजे

सुरेश रैना और सुब्रह्म्ण्यम बद्रीनाथ क्रीज पर हैं।

17 ओवरों में भारत का रन औसत 3.66 रहा है। पिछले पांच ओवरों में तो यह और भी कम था, सिर्फ 2.40।

बद्रीनाथ ने 7 गेंद खेल कर भी खाता नहीं खोला है। यह समझदारी का खेल है, बजाए इसके के जल्दी रन बनाने की कोशिश करें और विकेट गंवा दें।

अब अगर एक भी और विकेट गया तो भारत बड़ी मुश्किल में फंस जाएगा। ऎसा नहीं कि अभी मुश्किल बड़ी नहीं है। पर आफत को और बड़ी आफत बनाना तो समझदारी नहीं है। युवराज शायद अभी पेवेलियन में बैठ कर यही सोच रहे होंगे। 17 गेंदों में 12 रन बना कर आउट हुए थे युवराज।

3.35 बजे

युवराज सिंह आउट!!

कहा था न, पेवेलियन वापसी की जल्दी दिख रही है इन्हें। कुलसेकरा की गेंद पर मौका मिलते ही कैच दे दिया।

भारत : 14 ओवर में 62 रन/ 3 विकेट आउट

भारतीय बल्लेबाजों को जल्दी क्या है यह समझ में नहीं आ रहा। हर कोई ऎसे खेल रहा है जैसे पारी का आखिरी ओवर खेल रहा हो और उसमें 40 रन बनाने हैं।
जिस पिच को बल्लेबाजों की मदद करने वाला माना जा रहा था उस पर 62 रन पर 3 विकेट गंवाना गेंदबाज का कमाल तो नहीं हो सकता है।

अभी तो मेंडिस- मुरली की धुन बजना शुरू नहीं हुई है।

उनके ओवर आरंभ होंगे तो क्या करेंगे भारतीय बल्लेबाज?

3.24 बजे

छक्का!!

युवराज ने मारा। कुलसेकरा की गेंद पर। विचित्र शॉट था। गेंद उठी ही नहीं और थोड़ी ऊंचाई से ही बाउंड्री के बाहर गई।

भारत के 50 रन पूरे।

दो विकेट पर 50 रन। ज्यादा महान स्कोर नहीं लगता, है न?

3.22 बजे।

11 ओवर, दो विकेट गए, 45 रन। लगता है भारतीय टीम 20-20 का मैच खेल रही है।

आज अभी तक के खेल में सिर्फ विराट कोहली ही थोड़ा जमते नजर आ रहे थे। गंभीर तो पहली ही गेंद से लड़खड़ा रहे थे और युवराज सिंह को भी आते ही वास की गेंद पर एक जबरदस्त पगबाधा अपील का सामना करना पड़ा जिससे वे थोड़ा हड़बड़ाए दिखे।

अभी तो मेंडिस नहीं आए हैं।

तेरा क्या होगा धोनी की टीम…

3.19 बजे

युवराज सिंह ने भी पहली ही गेंद को उठा कर मारा जो दो क्षेत्ररक्षकों के बीच गिरी। इनके भी लक्षण ठीक नहीं दिख रहे। लगता है, पेवेलियन वापसी की जल्दी है।
3.14 बजे

गंभीर भी आउट!

भारत का दूसरा विकेट गया!

40 रन पर दो विकेट गए।

कुल 8 रन बनाए थे उन्होंने। अब खेलने आए हैं सुरेश रैना और युवराज सिंह।

3.10 बजे:

कोहली आउट! तीसरी बार बेवजह रन लेने की कोशिश की और इस बार श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने गलती नहीं की।

दो बार भारतीय बल्लेबाज रन आउट होते – होते बच चुके थे लेकिन बकरे की मां कब तक खैर मनाती। 25 रन बना कर कोहली आउट।

भारत : 39 रन/ 1 विकेट गंवा कर

2.39 बजे

गौतम गंभीर को विकेट गंवाने की जल्दी पड़ी दिखती है। दूसरे ओवर में कुलसेकरा की पहली ही गेंद पार रन आउट हो जाते अगर दिलशान का निशाना स्टंप पर सीधा पड़ता। उसके एक गेंद बाद स्लिप में कैच गिरा।

दूसरे ओवर की समाप्ति पर भारत : 13 रन बिना किसी नुकसान के।

2.36 बजे

चामिंडा वास का पहला ओवर काफी गड़बड़ रहा। पहली गेंद पर चार लेग बाई दिए, फिर “वाइड” गेंद फेंकी। उसके बाद विराट कोहली ने उनकी एक गेंद पर बेहतरीन चौका लगाया।

पहले ओवर के बाद भारत : 9 रन, बिना किसी नुकसान के।

दोपहर 2.30 बजे

भारत की ओर से गौतम गंभीर और विराट कोहली ने पारी की शुरूआत की है।

श्रीलंका की ओर से पहला ओवर फेंकने आए हैं चामिंडा वास। पहली ही गेंद विराट कोहली के पैड से लग कर चार अतिरिक्त रनों के लिए बाउंड्री से बाहर हो गई।

दोपहर 2.00 बजे

भारत के कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने टोस जीता है और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।

फिलहाल वे टीवी पर अंग्रेजी में झाड़ रहे हैं कि मैच में उनकी रणनीति क्या रहेगी। शायद किसी को मेंडिस से जाकर पूछना चाहिए कि आज भारत के खिलाफ उनकी रणनीति क्या रहेगी?

इरफान पठान को इस मैच के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है।

भारतीय टीम इस प्रकार है:

गौतम गंभीर, विराट कोहली, एस के रैना, एस. बद्रीनाथ, युवराज सिंह, महेन्द्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा, प्रवीण कुमार, हरभजन सिंह, जहीर खान, मुनाफ पटेल।
दो तेज गेंदबाज और एक स्पिनर। बाकी बल्लेबाज।

श्रीलंका की टीम:

सनत जयसूर्या, कुमार संगकारा, महेला जयवर्धने, कपुगेदारा, चमारा सिल्वा, तिलकरत्ने दिलशान, कुलसेकरा, चामिंडा वास, तुषारा, अजंता मेंडिस, मुथैया मुरलीधरन।

भारत में M & M ( महिन्द्रा एंड महिन्द्रा) मशहूर है बेहतरीन वाहन बनाने के लिए।

श्रीलंकाई क्रिकेट के M & M ( मेंडिस एंड मुरली) मशहूर हो रहे हैं भारतीय बल्लेबाजों की नाक रगड़ने के लिए।

चलिए देखें, आज क्या हाल होता है।

जोड़िएbookmark bookmark bookmark bookmark bookmark bookmark bookmark

Share This Post

Tags: , , , , , , , ,

p-6fQscE0emHk9A.